सभी आकार-प्रकार, डिजाइन के सिक्के पूरी तरह वैध: आरबीआई

RBI

भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने विभिन्न आकार-प्रकार और डिजाइन के सिक्कों को स्वीकार करने को लेकर लोगों के बीच संदेह को दूर किया. उसने कहा कि चलन में विभिन्न राशि के जो भी सिक्के हैं, वे पूरी तरह से वैध मुद्रा हैं.

लोगों को बिना किसी झिझक के उसे स्वीकार करना चाहिए. केंद्र सरकार द्वारा ढाले गये सिक्कों को आरबीआई चलन में डालता है. आरबीआई ने बैंकों से यह भी कहा है कि वे सिक्के बदलने आने वाले ग्राहकों को अपनी शाखाओं से नहीं लौटाये. वे ग्राहकों से छोटी राशि के सिक्कों और नोट को स्वीकार करें.

आरबीआई ने कहा कि सिक्के लंबी अवधि के लिये चलन में बने रहते हैं. साथ ही अलग-अलग डिजाइन और आकार के सिक्के जारी किये जाते हैं. फिलहाल विभिन्न आकार-प्रकार, डिजाइन के 1 रुपया, 2 रुपया, 5 रुपया और 10 रुपये की राशि के सिक्के चलन में हैं.

 नोट और सिक्कों को बदलने के बारे में आरबीआई के परिपत्र में बैंकों को सलाह दी गयी है कि किसी भी बैंक शाखा को छोटी राशि के नोट या सिक्कों को लेने से मना नहीं करना चाहिए.

Previous
Next Post »