छत्तीसगढ़ के सभी 10 नगर निगमों पर कांग्रेस का कब्जा, निर्दलीय पार्षदों ने दिया साथ


छत्तीसगढ़ में एक बार फिर भाजपा को झटका लगा है। विधानसभा चुनाव में हार के बाद राज्य में नगर निकायों के चुनाव में भी भाजपा को सत्तारूढ़ पार्टी कांग्रेस ने मात दी है। 

छत्तीसगढ़ के सभी 10 नगर निगमों में कांग्रेस के महापौर चुने गए हैं। राज्य में पहली बार नगर निकायों में महापौर और अध्यक्ष पद के लिए अप्रत्यक्ष प्रणाली से मतदान हुआ है।

छत्तीसगढ़ के 10 नगर निगमों, 38 नगरपालिका परिषदों और 103 नगर पंचायतों में पिछले महीने 21 दिसंबर को मतदान हुआ था। सत्ताधारी दल कांग्रेस राज्य के सभी नगर निगमों में अपना कब्जा जमाने में कामयाब रही, हालांकि इसमें निर्दलीय पार्षदों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

राज्य निर्वाचन आयोग से मिली जानकारी के मुताबिक, यहां 151 नगर निकायों के 2834 वार्डों के लिए मतदान कराया गया था, जिसमें से 1283 वार्ड में कांग्रेस को तथा 1131 वार्ड में भाजपा को सफलता मिली। वहीं 420 वार्ड में अन्य दलों और निर्दलीय प्रत्याशियों को जीत हासिल हुई।
Previous
Next Post »